हरिनगर इलाके में एक दर्दनाक मामला सामने आया है। मजाक-मजाक में चार साल के जुड़वां बच्चों के पेट में कंप्रेशर के पाइप से हवा भर दी गई। घटना को बच्चों के पिता के मामा ने अंजाम दिया। पेट में दर्द और खून निकलने के बाद परिजन बच्चों को पास के अस्पताल में ले गए। यहां से उन्हें लोक नायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया। अस्पताल से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित बच्चों के पिता के बयान पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पप्पू कुमार गोपाल नगर फतेह नगर में रहता है। परिवार में पत्नी और चार साल के दो जुड़वां बच्चे हैं। वह इलाके में टेंट हाउस में काम करता है। पुलिस को दी शिकायत में पप्पू ने बताया कि इसी मकान में उसके दूर के मामा रंजीत रहते हैं। 14 जून को वह अपने घर में मौजूद थे। सुबह दस बजे बच्चे रंजीत के कमरे में खेलने गए थे। कुछ देर बाद दोनों बेटे रोते हुए कमरे में आए। कारण पूछने पर उन्होंने बताया कि रंजीत ने पाइप से उनके मलद्वार के जरिए पेट में हवा भर दी है। दोनों बच्चे शौचालय जाने की बात कहने लगे। उनके पेट से खून निकल रहा था। पूछे जाने पर मामा ने बताया कि मजाक में उसने कंप्रेशर के पाइप से बच्चों के पेट में हवा भर दी है।
उसके बाद वह बच्चों को लेकर दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचे। जहां से डॉक्टरों ने उन्हें लोकनायक अस्पताल रेफर कर दिया। दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल से पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इस दौरान पीड़ित ने पुलिस को बयान नहीं दिया। 16 जून को बच्चों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को बयान दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।