त्रिलोकपुरी विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी ने हैट्रिक लगाई है, जबकि भाजपा केवल 2008 में ही खाता खोल पाई थी। वहीं, 1993 से लेकर 2003 तक कांग्रेस का यहां दबदबा रहा था।
क्षेत्र के प्रमुख इलाके त्रिलोकपुरी, कोटला गांव, मयूर विहार, न्यू अशोक नगर और मयूर विहार फेज-एक एक्सटेंशन हैं।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यहां पुरानी पाइप लाइन डली हुई हैं, जो जगह-जगह से गल गईं हैं। इससे क्षेत्र के कुछ घरों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। लोगों को मजबूरन पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है। आपूर्ति अनियमित होने के साथ पानी में बदबू आती है। वहीं, पर्याप्त सार्वजनिक शौचालय, स्ट्रीट लाइट व महिला सुरक्षा यहां के बड़े मुद्दे हैं।
इलाके में सबसे बड़ी समस्या शौचालय की है। जरूरत पड़ने पर शौचालय उपलब्ध नहीं होते। ऐसे में लोगों को हर बार सार्वजनिक शौचालय पर निर्भर रहना पड़ता है। सर्दियों में भागदौड़ करना और भी मुश्किल हो जाता है।
- गौरी शंकर
आपूर्ति अनियमित है। पेयजल में बदबू आती है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं होती। ऐसे में हम बोतलबंद पानी खरीदने के लिए मजबूर हैं। इससे हमारी जेब पर बोझ बढ़ रहा है।
-विराट
इलाके में सड़कें टूटी हैं। घर के सामने वाली सड़क पर बारिश में गंदा पानी भर जाता है। इसके अलावा ड्रेनेज सिस्टम भी बदहाल स्थिति में है। इससे हम लोगों को बहुत परेशानी होती है।
-आरिफ
जर्जर सड़कें हादसों को दावत दे रही हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई वाहन चालक इन सड़कों की वजह से घायल हो चुके हैं।
-शेखर