-4 अगस्त को जंतर मंतर पर प्रदर्शन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
ई-20 (20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित) पेट्रोल को लेकर ट्रांसपोर्ट कारोबारियों की चिंता अब खुलकर सामने आ गई है। दिल्ली टैक्सी एंड टूरिस्ट ट्रांसपोर्टर्स एंड टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सम्राट के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर ई-20 और ट्रांसपोर्ट उद्योग से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ई-20 पेट्रोल को लेकर वाहन मालिकों और ऑपरेटरों के मन में कई सवाल हैं। इससे पुराने वाहनों पर असर पड़ सकता है और संचालन खर्च बढ़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार से इस विषय पर स्पष्ट नीति और ट्रांसपोर्टरों की चिंताओं का समाधान करने की मांग की। ज्ञापन में केवल ई-20 ही नहीं, बल्कि व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (वीएलटीडी), पैनिक बटन व्यवस्था, ऐप आधारित ड्राइवरों की सुरक्षा, व्यावसायिक वाहनों की 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा, बढ़ते ट्रैफिक चालान, बीएस-IV वाहनों पर रोक समेत कई मुद्दे भी उठाए गए। मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने वीएलटीडी और गति सीमा से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिया। वहीं उन्होंने बताया कि ई-20 पेट्रोल का विषय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में आता है और इस संबंध में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री से बात करने की सलाह दी। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 4 अगस्त को जंतर मंतर पर देशभर के टैक्सी, टूरिस्ट वाहन, स्कूल बस और अन्य व्यावसायिक वाहन संचालक बड़ा प्रदर्शन करेंगे।