नई दिल्ली। जामिया मिल्लिया इस्लामिया के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से उच्च शिक्षा में भारतीय ज्ञान प्रणाली और पाठ्यक्रम डिजाइन विषय पर छह दिवसीय ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें देशभर के विभिन्न विषयों के 150 फैकल्टी सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रम में भारतीय ज्ञान प्रणाली को शामिल करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों ने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक शिक्षा के बीच संबंधों पर विचार साझा किए। समापन सत्र में जामिया कुलपति प्रो. मजहर आसिफ ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति -2020 भारतीय संस्कृति, भाषा और इतिहास को शिक्षा के माध्यम से संरक्षित करने और आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। कार्यक्रम का आयोजन केंद्र की प्रो. कुलविंदर कौर के नेतृत्व में किया गया। ब्यूरो