संवाद न्यूज एजेंसी
पूर्वी दिल्ली। चिल्ला बॉर्डर रेड लाइट के पास बुधवार रात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने झपटमारी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर बदमाश को दबोचा। आरोपी के कब्जे से चोरी की पल्सर बाइक और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी के खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में पहले से ही छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना 21 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे की है, जब चिल्ला बॉर्डर रेड लाइट पर यातायात ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार अपने साथियों के साथ तैनात थे। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को बाइक सवार का पीछा करते और मदद के लिए गुहार लगाते देखा। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई की और घेराबंदी कर संदिग्ध मोहम्मद खालिद को दबोच लिया।