फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi: मसाज के बहाने होटल ले जाकर पर्यटकों से लूटपाट, दोनों आरोपी निकले होटलकर्मी, सीसीटीवी से खुली पोल

Thu, 17 Aug 2023 06:45 PM IST
Digvijay Singh अमर उजाला ब्यूरो, दिल्ली

सार

पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया और कहा कि आसानी से पैसा कमाने के लिए उन्होंने पीड़ितों को मसाज के नाम पर फंसाया और उनके पैसे लूट लिए। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में मसाज के बहाने कुछ पर्यटकों को एक होटल के कमरे में ले जाकर उनसे लूटपाट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने पर्यटकों से मारपीट की और उनसे हजारों रुपये ऑनलाइन भुगतान करवा लिया। जांच में आरोपियों की पहचान होटलकर्मी के रूप में हुई। पुलिस ने दबिश देकर लूटपाट करने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस होटल मालिक और मैनेजर की भूमिका की जांच कर रही है। उनकी संलिप्तता पाए जाने पर होटल की लाइसेंस रद्द की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बुधवार तड़के करीब 5.30 बजे पुलिस को एक होटल में लूटपाट की शिकायत मिली। सूचना मिलते ही पुलिस होटल अमन पहुंची। शिकायतकर्ता विजयवाड़ा आंध्र प्रदेश निवासी रावलपति मोसेस ने बताया कि वह अपने दोस्तों नवीन, दिनेश, सुरेंद्र और संदीप के साथ पहाड़गंज स्थित होटल अमन में ठहरे थे। तड़के करीब साढ़े चार बजे सभी चाय और सिगरेट पीने होटल से बाहर गये। वहां एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और मसाज के नाम पर उन्हें होटल तान्या ले गया। होटल में उन्हें एक कमरे में इंतजार करने के लिए कहा गया। इसके कुछ देर बाद दो व्यक्ति कमरे में दाखिल हुए। दोनों ने कमरा अंदर से बंद कर दिया और उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उनसे पैसे मांगे। बाद में आरोपियों ने फोन पे के जरिए जबरदस्ती 27 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। मारपीट करने वालों ने उन्हें तत्काल दिल्ली छोड़ने की धमकी भी दी। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया।

 

विज्ञापन

जांच के दौरान पुलिस पीड़ितों को लेकर तान्या होटल पहुंची। जहां पुलिस ने होटल के कर्मचारियों से पूछताछ की। कर्मचारियों ने पुलिसकर्मियों को चकमा देने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने होटल के सीसीटीवी की जांच की। शिकायतकर्ता ने दो लोगों की पहचान की, जिनमें एक व्यक्ति वह था जो उन्हें मसाज के नाम पर होटल में लाया था। दोनों आरोपी होटलकर्मी निकले। पुलिस ने छानबीन कर दोनों आरोपी सोहेल और गुलाम रब्बानी को गिरफ्तार कर लिया। 

 

पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया और कहा कि आसानी से पैसा कमाने के लिए उन्होंने पीड़ितों को मसाज के नाम पर फंसाया और उनके पैसे लूट लिए। जांच में पता चला कि सोहेल और गुलाम रब्बानी मूलत: किशनगंज बिहार का रहने वाले हैं। दोनों नौकरी की तलाश में दिल्ली आए थे और तान्या होटल में काम करने लगे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि होटल मालिक और प्रबंधक की भूमिका की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें