संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दक्षिण जिले की अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे और उसकी निशानदेही पर तीन चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी से वाहन चोरी के तीन मामलों का खुलासा हुआ है। अंबेडकर नगर थाने की टीम इलाके में गश्त कर रही थी और संदिग्ध लोगों व वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल पर रोका। जांच करने पर मोटरसाइकिल चोरी की निकली। पूछताछ में आरोपी ने अन्य चोरी के वाहनों के बारे में भी जानकारी दी।