संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह।
नूंह-होडल रोड पर रविवार को पेप्सी कंपनी के पास दर्दनाक हादसे में तीन माह के मासूम की मौत हो गई। हादसे में बच्चे की मां नजमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, पलवल जिले के रूपडाका गांव निवासी इम्तियाज अपनी पत्नी नजमा और तीन माह के बच्चे के साथ शाहपुर नंगली गांव जा रहे थे। पेप्सी कंपनी के पास अचानक बच्चा मां की गोद से उछलकर सड़क पर गिर गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नजमा भी घायल हो गई। जयसिंहपुर चौकी प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नूंह भेजा गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।