नोएडा से अपनी दुकान के लिए खरीदारी करने आए कारोबारी ने मौका देखकर करवा चौथ की 20 थालियां उड़ा लीं। वारदात के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर नोएडा पहुंच गया। पुलिस को शिकायत मिली तो सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपी को महज दो घंटे के भीतर ढूंढ निकाला।
आरोपी के पास से करवा चौथ की 20 सुसज्जित थालियां बरामद हुई। इनको गिफ्ट के लिए तैयार किया गया था। पूछताछ करने पर आरोपी ने खुलासा किया कि करवा चौथ पर डिमांड को देखते हुए उसने थालियां चोरी की थी। आरोपी की पहचान डी-ब्लॉक, गली नंबर-12, सेक्टर-51, नोएडा निवासी नवनीत कुमार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस इससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि बुधवार को मंडावली निवासी नरेश कुमार गुप्ता ने करवा चौथ की 20 सुसज्जित थालियां चोरी होने की शिकायत सदर बाजार थाना पुलिस को दी थी। नरेश ने बताया कि उसने अपनी दुकान के लिए गिफ्ट पैक की यह थालियां खरीदी थीं। सभी को उसने एक कट्टे (बैग) में डालकर एमसीडी की पार्किंग में रख दिया। बाद में वह किसी काम से चला गया।
इस बीच जब वह वापस आया तो उसका कट्टा गायब था। पीड़ित ने फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी। सदर बाजार थाना प्रभारी कन्हैया लाल यादव ने फौरन एक टीम का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल से पता चला कि आरोपी बाइक पर थालियों को चुराकर ले गया है। पुलिस बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी तक पहुंच गई। नोएडा से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने बताया कि उसने पार्किंग में थालियां रखी देखी को उसे लगा कि थालियों की खासी डिमांड होगी। वह सभी थालियों को उठाकर ले गया।