संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। नीम करोली बाबा के जीवन, विचारों और शिक्षाओं को मंच पर प्रस्तुत करने के उद्देश्य से मंगलवार को मंडी हाउस स्थित एलटीजी ऑडिटोरियम में हिंदी नाटक ‘कैंची धाम’ का मंचन किया गया। शेफाली मियां और मनोधर्मी की प्रस्तुति में तैयार इस नाटक के माध्यम से बाबा के प्रेम, आस्था, करुणा और निस्वार्थ सेवा के संदेश को दर्शाया गया।नीलमणि त्यागी के निर्देशन और परिकल्पना में तैयार यह नाटक नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित रहा। नाटक में बाबा के उस संदेश को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने सभी से प्रेम करने, सबकी सेवा करने और ईश्वर का स्मरण करने की सीख दी थी। नाटक में उत्तराखंड की पहाड़ियों में स्थित कैंची धाम के आध्यात्मिक महत्व को भी दर्शाया गया।