संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस ने निर्धारित अवधि से अधिक समय से भारत में रह रहे तीन नाइजीरियाई को पकड़कर डिटेंशन सेंटर भेज दिया। इनकी पहचान बार्थोलोम्यू उवाएबुका इलोएगबुनेम, कोनन ओकोचा उर्फ कोनन ब्राइस कौसाई और न्दुबुइसी चार्ल्स नवाबुफोर के रूप में हुई है। पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 31 अक्तूबर को मादक पदार्थ निरोधक दस्ता ने विदेशी नागरिकों का सत्यापन किया था। इस दौरान तीनों वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके। उन्हें एफआरआरओ के समक्ष पेश किया गया। वहां से आदेश मिलने के बाद तीनों को लांपुर स्थित सेवा सदन के डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया।