पुल की मरम्मत के कारण बदला संचालन, तीन से 29 दिसंबर तक ग्वालियर तक ही जाएंगी ट्रेनें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जाजऊ-भंदई स्टेशनों के बीच पुल की मरम्मत के कारण झांसी-नई दिल्ली एक्सप्रेस का संचालन प्रभावित रहेगा। उत्तर मध्य रेलवे ने पुल संख्या 1331/1 पर स्टील गर्डर बदलने के काम के लिए यातायात और बिजली का ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। इसके चलते ट्रेन संख्या 12279 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-नई दिल्ली और ट्रेन संख्या 12280 नई दिल्ली-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी एक्सप्रेस को 30 नवंबर से दो दिसंबर तक आगरा कैंट स्टेशन पर ही समाप्त और शुरू किया जाएगा। रेलवे के अनुसार, दोनों ट्रेनें प्रतिदिन चलती हैं। निर्धारित अवधि में प्रत्येक ट्रेन की तीन-तीन यात्राएं प्रभावित होंगी। इस दौरान ट्रेनें आगरा कैंट से आगे झांसी या नई दिल्ली तक नहीं जाएंगी। इससे पहले वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बैलास्टलेस ट्रैक बनाने के काम के कारण इन ट्रेनों को 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक ग्वालियर तक ही चलाने की घोषणा की गई थी। अब संशोधित व्यवस्था के तहत 30 नवंबर से दो दिसंबर तक ट्रेनें आगरा कैंट तक ही चलेंगी। इसके बाद तीन दिसंबर से 29 दिसंबर तक ग्वालियर तक ही उनका संचालन होगा।