गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि पाकिस्तान में छिपा देश का मोस्ट वांटेड दाऊद इब्राहिम जल्द भारत लाया जाएगा। इसकी रणनीति तैयार कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि आतंकवाद किसी हाल और किसी रूप में सहन नहीं किया जाएगा। पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। वह सोमवार को एनडीआरएफ के कार्यक्रम में भाग लेने गाजियाबाद आए हुए थे।
उन्होंने कहा कि दाऊद इब्राहिम मामले को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और गृहमंत्री राजनाथ सिंह देख रहे हैं। उसकी प्रत्येक गतिविधि पर हमारी नजर है। उसके रहने और छिपने के ठिकानों की जानकारी है।
अब पाकिस्तान उसको ज्यादा दिन तक छिपा नहीं पाएगा। जल्द ही उसे भारत लाया जाएगा। हालांकि उन्होंने निश्चित समय बताने से इंकार करते हुए कहा कि पालिसी मैटर होने के चलते इसको फिलहाल गुप्त रहने दीजिए।
पाकिस्तान से वार्ता रद्द होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि बातचीत और आतंकवाद साथ-साथ नहीं चल सकते। आतंकवाद को संरक्षण देने वाले भी उसी श्रेणी में हैं।
आतंकियों को संरक्षण देने वाले पाकिस्तान को अब उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। सीमा पर सैनिक और नागरिकों के खून की एक-एक बूंद का हिसाब उससे लेंगे