-सड़क के कई हिस्से उबड़-खाबड़ हैं और जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। द्वारका सेक्टर-3 स्थित डीपीएस स्कूल के पीछे की सड़क की हालत खस्ता है। सड़क के कई हिस्से उबड़-खाबड़ हैं और जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है। इसके अलावा, हर मैनहोल का ढक्कन खुला है और नालों के स्लैब टूटे हैं, इनमें भारी मात्रा में कचरा पड़ा है। खासकर इस इलाके में स्थित सरकारी स्कूल में छोटे बच्चे पढ़ाई करते हैं, जिससे यह समस्या और भी चिंताजनक बन जाती है। इस संदर्भ में स्थानीय निवासी डॉक्टर सुधीर विश्वकर्मा ने अपील की है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो यह नोएडा जैसी घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने सांसद, विधायक और पार्षद से निवेदन किया कि इस समस्या को तुरंत संज्ञान में लें और इस पर जल्द से जल्द कार्यवाही करें ताकि नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। डॉक्टर सुधीर ने बताया कि यह स्थिति बेहद खतरनाक है, खासकर बच्चों के लिए। यदि कोई अप्रिय घटना होती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?