संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (आईआईसी) में आयोजित 34वें वार्षिक पंडित राधाकृष्ण–पंडित कर्ताराम मल्लिक राष्ट्रीय ध्रुपद समारोह में शास्त्रीय संगीत और नृत्य का अनूठा संगम देखने को मिला। दिल्ली की ध्रुपद अकादमी के सहयोग से हुए इस आयोजन का उद्देश्य ध्रुपद की प्राचीन विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा। समारोह में गया घराने के गौरव उपाध्याय और दरभंगा घराने के देवाशीष पाठक की पखावज युगल प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। दोनों कलाकारों ने जटिल बोलों और लयकारी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद अश्विनी दलवी ने सुरबहार वादन से रागों की गहराई को जीवंत किया, जिसमें पखावज पर हरीश चंद्रपति ने संगत की। दरभंगा घराने के गायक उदय कुमार मल्लिक ने पारंपरिक आलाप और शुद्ध सुरों से ध्रुपद के आध्यात्मिक पक्ष को प्रस्तुत किया। उनके साथ पखावज पर गौरव उपाध्याय तथा तानपुरे पर कामिनी अग्निहोत्री और ऋषिकेश मल्लिक ने संगत दी। अंत में सिंधु मिश्रा और उनके समूह ने भावपूर्ण भरतनाट्यम नृत्य की प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति की सुंदरता को मंच पर साकार किया।