संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। सोहना से भिवाड़ी बॉर्डर तक करीब 24 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्ग-919 को फोरलेन करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। तावड़ू क्षेत्र के ग्रामीण और समाजसेवी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले और इस मार्ग के चौड़ीकरण के साथ क्षेत्र की अन्य प्रमुख समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग सोहना, तावड़ू और भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन इस सड़क से गुजरते हैं। सड़क की सीमित चौड़ाई और जगह-जगह गड्ढों के कारण यातायात धीमा हो जाता है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। पंचायत सदस्य आजाद अली और लियाकत अली ने मुख्यमंत्री से कहा कि फोरलेन बनने से आवागमन सुगम होगा, सड़क हादसों में कमी आएगी और लोगों के समय व ईंधन की बचत होगी। उन्होंने बताया कि भिवाड़ी राजस्थान का प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र है जहां हरियाणा सहित आसपास के जिलों से हजारों लोग रोजगार के लिए रोजाना आते-जाते हैं। ऐसे में सोहना-भिवाड़ी मार्ग का चौड़ीकरण क्षेत्र की प्राथमिक आवश्यकता बन गया है। फोरलेन बनने से औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी और दोनों राज्यों के बीच संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। ग्रामीणों ने कोरी कला क्षेत्र में भारी जलभराव की समस्या भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। उन्होंने कहा कि बरसात के समय यहां पानी भर जाने से अक्सर जाम लग जाता है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग भी की गई। इसके साथ ही खोरी कला गांव के एक विद्यालय को सीनियर सेकेंडरी में अपग्रेड करने की मांग भी रखी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीर नहीं हैं। उनका कहना है कि यह मांग कई बार स्थानीय प्रतिनिधियों के समक्ष रखी गई, लेकिन चुनाव के समय के अलावा जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-919 के चौड़ीकरण की परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके और जलभराव जैसी समस्याओं का भी स्थायी समाधान हो सके।
फोटो: मुख्यमंत्री के समक्ष समस्या रखता हुआ स्थानीय युवक और सड़क पर जल भराव के चलते लगा जाम