अलीपुर स्थित जस्ट चिल वाटर पार्क में शुक्रवार को असद (7) की मौत के मामले में पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले पुलिस ने शनिवार रात मुस्तफाबाद के कब्रिस्तान से बच्चे के शव को निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।
रविवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस वाटर पार्क में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगा रही है। साथ ही पुलिस असद के पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के कारणों का खुलासा हो सके।
जानकारी के मुताबिक नेहरु विहार निवासी सलमान का बेटा असद निजी स्कूल में एलकेजी कक्षा का छात्र था। सलमान पेशे से चालक हैं। परिवार में पिता, मां रुखसार, छोटा भाई और बहन हैं। सलमान ने बताया कि असद की जन्म से ही किडनी खराब थी और उसका सात बार ऑपरेशन हो चुका था।
घटना वाले दिन उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर मायके गई थी। शुक्रवार को सलमान के बड़े भाई यामीन अपने परिवार व बहन के परिवार को लेकर जस्ट चिल वाटर पार्क जा रहे थे। असद ने भी पिता से वहां जाने की बात कही। इजाजत मिलने के बाद वह भी अपने चाचा के साथ चला गया।
जहां उसके साथ हादसा हुआ और उसकी मौत हो गई। सलमान का आरोप है कि पूल में कोई तैराक नहीं था। किसी तरह का कोई प्रबंध नहीं था। परिवार ने बच्चे को बाहर निकाला। उनका आरोप है कि पार्क प्रबंधन पुलिस से बचने के लिए बच्चे को सोनीपत के निजी अस्पताल लेकर गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है।
मां ने कहा, न्याय के लिए अदालत जाऊंगी
असद की मां रुखसार ने आरोप लगाते हुए कहा, तैराक होते तो बेटे की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने कहा कि वाटर पार्क में लाइफ जैकेट भी नहीं दी जाती है। वह अपने बेटे के न्याय दिलाने के लिए वह किसी भी अदालत में जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वाटर पार्क प्रशासन ने घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज दिखाने से मना कर दिया। आरोप है कि मामले को दबाने के लिए प्रशासन ने उन्हें पैसे देने तक की पेशकश की।
पुलिस ने शुरू की वाटर पार्क के खामियों की जांच
पुलिस अधिकारी ने बताया कि असद की मौत कैसे हुई पुलिस इसकी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वाटर पार्क की खामियों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि वाटर पार्क में चार फीट पानी था। बच्चे की लंबाई भी करीब चार फीट थी। ऐसे में बच्चा पानी में कैसे डूबा। या फिर किसी अन्य वजह से बच्चे की मौत हुई है।