अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बवाना थाना इलाके में हत्या में फरार चल रहे आरोपी शंकर आधा, राज वाटिका, पूठ खुर्द, दिल्ली निवासी निखिल (20) को गिरफ्तार किया है। उसने भूपेंद्र की साथियों के साथ गोली मारकर हत्या कर दी थी। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने बताया कि बवाना थाना इलाके से 8 मार्च को एक पीसीआर कॉल मिली। कॉल में बताया कि राज वाटिका, पूठ खुर्द, सुल्तानपुर डबास रोड, दिल्ली के पास एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें एक स्कूटी के पास पूठ खुर्द, दिल्ली निवासी भूपेंद्र (24) बेहोश व लहुलूहान मिला। उसे गोली मारी गई थी। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में आरोपी निखिल ने बताया कि वह अपने दोस्तों देवराज, सुमित और एक नाबालिग के साथ राज वाटिका, पूठ खुर्द के पास गया था। वहां उसने और देवराज ने मृतक भूपेंद्र पर गोली चलाई थी, क्योंकि देवराज की मृतक के साथ कुछ मुद्दों को लेकर पहले से ही दुश्मनी थी।