संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। मंगलवार की शाम पटौदी चौक पर क्षमता से अधिक सवारियां मिलने पर शहर पुलिस ने बस को इंपाउंड कर लिया। हालांकि इस दौरान कई रसूखदार लोगों की सिफारिशें भी आई लेकिन सिफारिश को अनदेखा कर शहर पुलिस ने बस को काबू कर लिया। बता दें कि मंगलवार की शाम बस की छत पर बैठी सवारियों को देख शहर पुलिस ने बस को रुकवाया। जांच करने पर बस के अंदर और छत पर करीब डेढ़ सौ से अधिक सवारियां मिली। कई सवारी तो खिड़कियों के बाहर लटकी हुई थी जिससे सवारियों की सुरक्षा खतरे में थी। शहर थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि कल जो बस इंपाउंड की थी उसका 22 हजार रुपये का चालान किया गया। चालान भरने के उपरांत बस को मालिक को सौंप दिया गया है और लिखित में लिया गया है कि दोबारा इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगी। बता दें कि इससे पहले भी कई मामले सामने आए थे जब ओवरलोड बसों में सवार सवारियां मिलने पर पर कार्रवाई की गई थी, उसके बावजूद बस संचालक बार-बार गलतियां करते रहे।