पुलिस के अनुसार, शिवा कैंप वसंत विहार निवासी सोहेल (16) ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह बाहरी रिंग रोड पर नेहरू प्लेस जाने वाले कैरिज्वे पर सब्जी की रेहड़ी लगाता है। शाम करीब 6:40 बजे एयरपोर्ट की तरफ से तेज रफ्तार से थार आई और आगे जा रही हुंडई में जोरदार टक्कर मार दी। इससे हुंडई बिजली के पोल से टकराकर सड़क के बीच आ गई। थार चालक ने कार को पीछे किया और तेज रफ्तार से बाईं तरफ से भागने के प्रयास में कई रेहड़ी वालों को टक्कर मार दी।
इस दौरान मस्जिद में पढ़ने के लिए आए बच्चों को भी कार ने रौंद दिया। इसके बाद थार चालक ने सियाज को भी टक्कर मार दी। इससे थार भी पलट गई। कार से निकलकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायल मुन्ना कुमार, भूरा, सोहेल, अर्जुन, समीर, ईमा, सुहानी व सिधरा को एम्स के ट्रामा सेेंटर में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मुन्ना व 15 वर्ष के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। भूरा व पांच बच्चों का एम्स में इलाज चल रहा है। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।