-शिक्षण और शोध में एआई के टूल्स, तकनीक और उपयोग पर कार्यशाला
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) के मानव संसाधन विकास केंद्र (एचआरडीसी) शुक्रवार को शिक्षण और शोध में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के इस्तेमाल पर ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित करेगा। इसमें शिक्षकों और शोधकर्ताओं को एआई से जुड़े विभिन्न टूल्स, तकनीकों और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला का उद्देश्य उच्च शिक्षा में एआई की बढ़ती भूमिका से शिक्षकों और शोधकर्ताओं को परिचित कराना, पढ़ाई और शोध की गुणवत्ता बेहतर बनाने में इसकी उपयोगिता समझाना है। शिक्षण और शोध के लिए एआई का उपयोग : टूल्स, तकनीक और अनुप्रयोग विषय पर आयोजित कार्यशाला में राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान के आईसीटी एवं परियोजना प्रबंधन इकाई के प्रमुख प्रो. के. श्रीनिवास मुख्य वक्ता होंगे। जबकि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रतीक शर्मा कार्यशाला के संरक्षक होंगे।