दिल्ली पुलिस के मध्य जोन की पीसीआर में तैनात उप निरीक्षक (एसआई) ने शुक्रवार सुबह अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह गुरुनानक अस्पताल के पास पुलिसकर्मी के खुद को गोली मारने की जानकारी मिली। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, घायल पुलिसकर्मी को पास के लोक नायक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
जांच में पता चला कि मृतक नरेंद्र मूलत: लोनी के रहने वाले थे। वह दिल्ली पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे। सितंबर माह में ही उनकी पीसीआर में तैनाती हुई थी। शुक्रवार सुबह वह मध्य जिले के गुरुनानक अस्पताल के पास पीसीआर ड्यूटी पर तैनात थे। करीब 10:15 बजे अचानक अपनी सर्विस रिवाॅल्वर से सिर में गोली मार ली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। आत्महत्या की सूचना उनके परिवार को दी गई।
ये भी पढ़ें: सर्वे: दिल्ली-NCR में 'जहरीली' हवा का कहर, अस्पतालों में बढ़े मरीज; 75 फीसदी घरों में कोविड जैसे लक्षण