दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) में छात्रों को दिग्गज उद्यमियों से उद्यमिता के गुर सीखने का अवसर मिला। उद्यमियों ने उन्हें अपने आत्मविश्वास से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। यह मौका था डीटीयू के उद्यमिता प्रकोष्ठ की और से आयोजित फ्रेशर एंटरप्रेन्योरशिप इवेंट का। इस कार्यक्रम में अमर उजाला ने नॉलेज पार्टनर की भूमिका निभाई। इस कार्यक्रम में डीडीयू के करीब 700 छात्रों ने हिस्सा लिया। यह उद्यमिता में छात्रों की बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
डीटीयू में 12 सितंबर को आयोजित फ्रेशर्स एंटरप्रेन्योरशिप इवेंट में छात्रों को अपने अपने क्षेत्र की नामचीन हस्तियों के अनुभव का लाभ मिला। छात्रों ने इसमें भाग लेकर उद्यमिता की बारीकियां को जाना और समझा। जिन बारीकियों से वह परिचित हुए उनसे उन्हें अपना उद्यम खड़ा करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में निश हेयर की संस्थापक और शार्क टैंक की और से वित्त पोषित उद्यमी पारुल गुलाटी ने छात्रों के साथ अपनी प्रेरक यात्रा साझा की। इस दौरान उन्होंने छात्रों को उद्यमशीलता कि दुनिया में बहुमूल्य अंतदृष्टि प्रदान की।
उनका सत्र इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण था, जिसने छात्रों को आत्मविश्वास और लचीलेपन के साथ अपने व्यावसायिक सपनों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में अलग अलग प्रतियोगिताएं और नेटवर्किंग सत्र भी आयोजित किए गए। शाम के सत्र में स्टैंड अप कॉमेडियन विवेक समतानी ने समां बांध दिया। अपने प्रदर्शन से उन्होंने दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया। उद्यमिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शिवेश आदित्य पराशर ने इस कार्यक्रम को शानदार ढंग से आयोजित किया। आयोजकों ने इस कार्यक्रम को प्रभावशाली बनाने में अमर उजाला का नॉलेज पार्टनर बनकर बहुमूल्य सहयोग देने के लिए आभार व्यक्त किया।