-सात छात्रों द्वारा खाने का दुरुपयोग करने पर नोटिस किया जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के कोयना हॉस्टल प्रशासन ने मेस के भोजन का दुरुपयोग करने पर छात्रों पर जुर्माना लगाया है। इस संबंध में जेएनयू के कोयना हॉस्टल ने नोटिस जारी किया है। नोटिस के अनुसार कुछ छात्र अपने आवंटित मेस भोजन को अन्य व्यक्तियों को स्थानांतरित/ बेच रहे हैं। इसमें स्पष्ट कहा गया कि किसी अन्य छात्र के स्थान पर भोजन करना या डाइट रजिस्टर में हस्ताक्षर करना प्रतिबंधित है। नियमों के अनुसार दोषी पाए जाने पर संबंधित छात्र के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है। जिसमें एफआईआर दर्ज करना भी शामिल है। इस संबंध में सात छात्रों को दोषी पाया गया है। प्रत्येक छात्र पर 500 रुपये का जुर्माना लगाकर उसे सात दिन के अंदर हॉस्टल कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए गए है। नोटिस में सभी हॉस्टल छात्रों को नियमावली का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है। उल्लंघन करने पर हॉस्टल नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।