फोटो कैप्शन:-रास्ते में भरे पानी और कीचड़ से निकलते बच्चे।
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। ग्राम पंचायत जमालगढ़ के अस्पताल के पास बनी कॉलोनी में घरों के सामने गंदा पानी भर जाने से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। सड़क और घरों के दरवाजों के पास लंबे समय से पानी जमा होने के कारण लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासी हबीब, हसनू, सिराज, रशीद, मुबारिक, हासम सहित अन्य लोगों ने बताया कि कॉलोनी में पानी निकासी के लिए नालियों की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके कारण घरों से निकलने वाला पानी रास्ते में ही जमा हो जाता है। बरसात के बाद स्थिति अधिक खराब हो गई है। गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण आए दिन पड़ोसियों के बीच विवाद भी हो जाते हैं। हर कोई अपने घर के सामने से पानी हटाना चाहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि कॉलोनी में जल्द से जल्द नालियों का निर्माण कराया जाए और जमा गंदे पानी की निकासी कराई जाए।