नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने यात्रियों की भीड़ को देखते हुए दरभंगा और दिल्ली के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 05563 दरभंगा-आनंद विहार टर्मिनल 8 दिसंबर से संचालित कर दी गई। जबकि ट्रेन संख्या 05564 आनंद विहार टर्मिनल-दरभंगा 10 दिसंबर को आनंद विहार टर्मिनल से रात 9:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 10:15 बजे दरभंगा पहुंचेगी। ये समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, छपरा, बलिया, गाजीपुर सिटी, वाराणसी, प्रयागराज जं., गोविंदपुरी और कानपुर सेंट्रल जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। इसके साथ ही उत्तर रेलवे ने इंडिगो एयरलाइंस की कई उड़ानों के रद्द होने के कारण यात्रियों की सुविधा के लिए डिब्रूगढ़ और दिल्ली के बीच दो स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। डिब्रूगढ़-आनंद विहार टर्मिनल-डिब्रूगढ़ स्पेशल दोनों दिशाओं में चलेगी। ट्रेन संख्या 05903 नौ दिसंबर को डिब्रूगढ़ से आनंद विहार टर्मिनल और 12 दिसंबर को ट्रेन संख्या 05904 आनंद विहार टर्मिनल से डिब्रूगढ़ तक चलेगी। ब्यूरो