महिला सप्लायर से हेरोइन की खेप लेकर बेचने वाले एक तस्कर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तस्कर के कब्जे से पुलिस ने 20 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसकी कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी गई है। तस्कर से पूछताछ कर पुलिस महिला सप्लायर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की कोशिश में जुट गई है। आरोपी की पहचान ककरौला निवासी संदेश के रूप में हुई है।
द्वारका जिला नारकोटिक्स सेल के निरीक्षक सुभाष चंद्र को जानकारी मिली कि संदेश नाम के युवक हेरोइन तस्करी में लिप्त है। पुलिस ने उस पर निगरानी बढ़ा दी। पुलिस को पता चला कि 15 मार्च को आरोपी हेरोइन की खेप लेकर नजफगढ़-उत्तम नगर रोड पर आने वाला है। उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घेराबंदी कर उसे इंदिरा पार्क के पास से दबोच लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह इंद्रपुरी में रहने वाली एक महिला से हेरोइन खरीदने के बाद उसे बेचता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी करीब छह माह से इस धंधे से जुड़ा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हेरोइन की सप्लाई करने वाली महिला की पहचान कर ली गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है।