एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया में नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का दक्षिण जिला पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी कोटला मुबारकपुर इलाके में फर्जी कॉल सेंटर चलाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे थे। पुलिस ने इस संबंध में दो मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को दबोचा है। इनमें तीन युवतियों सहित कुल चार टेलीकॉलर शामिल हैं।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान गौर सिटी-1, ग्रेटर नोएडा निवासी मास्टर माइंड रंजीत सिंह (32) दूसरा मास्टर माइंड प्रशांत सिंह (28) और दिल्ली निवासी यश (25) के रूप में हुई है। यश और गिरफ्तार बाकी तीन युवतियां टेलीकॉलर हैं। पुलिस ने इनके पास से आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक प्रिंटर व अन्य सामान बरामद किया है। दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि जिला के स्पेशल स्टाफ को सूचना मिल रही थीं कि कोटला मुबारकपुर इलाके में फर्जी कॉल सेंटर चलाया जा रहा है। उनकी टीम ने जानकारी इकट्ठा की। इसके बाद टीम ने वजीर नगर, कोटला की एक इमारत में चौथी मंजिल पर छापा मारा। यहां पर आरोपी कॉल सेंटर चलाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे थे।
पुलिस ने मौके से यश और बाकी तीन युवतियों को गिरफ्तार कर लिया। इन लोगों ने बताया कि यह देशभर के बेरोजगार नौजवानों को नौकरी का झांसा देकर उनको ठगते हैं। आरोपी एप्लीकेशन फॉर्म, प्रोसेसिंग फीस के नाम पर दो से 10 हजार रुपये तक वसूलकर बेरोजगारों को बेवकूफ बनाते हैं। पूछताछ के दौरान चारों ने बताया कि गिरोह के मास्टर माइंड रंजीत सिंह और प्रशांत सिंह हैं। पुलिस ने रंजीत को गौर सिटी, सेक्टर-122, ग्रेटर नोएडा और प्रशांत सिंह को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी शुक्रवार को की गई। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।