वसंत कुंज साउथ इलाके में वेतन मांगने गए एक घरेलू सहायक को बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की पहचान शैदुल हक (24) के रूप में हुई है। पीड़ित ने अपनी मालकिन और उसके दोस्त पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित की पत्नी ने आरडब्ल्यूए के सदस्यों के मदद से पीड़ित को छुड़ाया और पुलिस से इसकी शिकायत की। पुलिस मारपीट का मामला दर्ज किया है। पुलिस मालकिन और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला शुक्रवार का है। पुलिस को सूचना मिली कि वसंत कुंज स्थित कावेरी अपार्टमेंट में एक महिला ने घरेलू सहायक को बंधक बनाकर मारपीट की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पता चला कि परिवार वाले घायल सैदुल हक को पास के अस्पताल में लेकर गए हैं।
वहां पहुंचने पर सैदुल हक ने पुलिस को बताया कि वह सपरिवार जय हिंद कैंप मसूदपुर के झुग्गी में रहता है। वह डी-6 कावेरी अपार्टमेंट वसंत कुंज में कुत्तों की देखभाल का काम करता है। वह दो दिनों से बीमार था और काम पर नहीं आ रहा था। सात जून को अपने वेतन के लिए मालकिन प्रीति हांडा के फ्लैट में गया था। जहां उसकी मालकिन अपने दोस्त निखिल के साथ शराब पी रही थी।
उसने मालकिन से अपना वेतन मांगा। जिसपर उसकी मालकिन और उसके दोस्त ने उसे फ्लैट में बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। बंधक बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद उसकी पत्नी अपार्टमेंट पहुंची। उसने आरडब्लूए के सदस्यों की मदद से उसे बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने पीड़ित की मेडिकल रिपोर्ट और बयान पर मारपीट का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।