उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में पुलिस की निगरानी के चलते सचिन मीणा और सीमा हैदर परेशान हो गए हैं। बताया जा रहा है कि घर से बाहर न निकल पाने के चलते सचिन के घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ गई है। ऐसी खबरें सामने आने पर उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष अमित जानी ने मदद का हाथ बढ़ाया है। अमित ने अपने फिल्म प्रोडक्शन में सीमा-सचिन को अभिनय का ऑफर दिया है। बता दें कि अमित जानी ने नोएडा में सड़क पर दौड़ते हुए वायरल हुए प्रदीप मेहरा को भी एक लाख की सहायता दी थी। शनिवार को एक बातचीत के दौरान सचिन मीणा के पिता नेत्रपाल ने कहा था कि वह और सीमा काम के लिए बाहर नहीं जा पा रहे हैं। वे घर से बाहर नहीं जाएंगे तो कमाएंगे नहीं, ऐसे में उनके परिवार का भरण पोषण कैसे होगा।
नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से भारत आ गई थी सीमा
पाकिस्तान के कराची निवासी सीमा हैदर और रबूपुरा के सचिन मीणा के बीच पबजी गेम खेलने के दौरान जान-पहचान हुई थी। वीडियो कॉलिंग के जरिये नजदीकियां बढ़ने के बाद सीमा 13 मई नेपाल के रास्ते पाकिस्तान से भारत आ गई थी।
चार बच्चों संग रबूपुरा पहुंची सीमा आंबेडकर नगर में किराये पर मकान लेकर सचिन के साथ रहने लगी। मामले की भनक पुलिस को लगते ही सीमा चार बच्चों और सचिन के साथ फरार हो गई। पुलिस टीम ने सभी को हरियाणा के बल्लभगढ़ से पकड़ा था।