- तालकटोरा रोड से खोया था दिनेश का मोबाइल, बिहार में मिला
संवाद न्यूज
नई दिल्ली। तीन साल पहले खोया मोबाइल, खत्म होती उम्मीद और फिर अचानक मिली खुशखबरी। सदर बाजार निवासी दिनेश के लिए बुधवार का दिन कुछ ऐसा ही रहा। साल 2023 में दिनेश ने फोन खोने के बाद नॉर्थ एवेन्यू थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन लंबा वक्त गुजरने के साथ उन्होंने उसके मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। बुधवार को नॉर्थ एवेन्यू थाने में कार्यरत उप निरीक्षक मधु ने उन्हें मोबाइल लौटाया तो वह भावुक हो गए। दिनेश के मुताबिक, उन्हें भरोसा नहीं था कि तीन साल बाद उनका फोन वापस मिल सकेगा। दिल्ली पुलिस ने उनकी यह धारणा बदल दी। दिनेश का मामला अकेला नहीं है। उप निरीक्षक मधु के मुताबिक, वह पिछले 10 महीने में 300 से अधिक मोबाइल फोन तलाश कर उनके असली मालिकों तक पहुंचा चुकी हैं। इनमें कुछ ऐसे फोन भी शामिल हैं, जो आठ से दस साल पहले खो गए थे।