अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक सौरभ भारद्वाज की सोशल मीडिया को लेकर की गई पोस्ट की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारद्वाज छात्र आंदोलन से जुड़े लोगों के अकाउंट सस्पेंड किए जाने के मुद्दे पर युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि सौरभ भारद्वाज के सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप तर्कहीन और हास्यास्पद हैं। अत्यधिक संख्या में संदेश फॉरवर्ड करने पर अकाउंट का अस्थायी रूप से सस्पेंड होना सामान्य नीति का हिस्सा है। भाजपा नेता ने दावा किया कि उनका अपना निजी अकाउंट भी अत्यधिक उपयोग के कारण समय-समय पर सस्पेंड हो जाता है और कुछ दिनों में स्वतः सक्रिय हो जाता है।