फेसबुक पर अश्लील फोटो शेयर होने पर पीड़िता पहुंची साइबर सेल
उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त सागर सिंह कलसी ने बताया कि पिछले दिनों दिल्ली निवासी 25 वर्षीय युवती ने साइबर थाने को एक शिकायत दी थी। पीड़िता ने बताया कि किसी ने उसकी अश्लील फोटो फेसबुक पर डाल दिए हैं। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी। थाना प्रभारी पवन तोमर और अन्यों की टीम का गठन कर मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती पिछले दिनों तक अखिलेश कुमार नामक एक युवक के साथ सहमति संबंध में थी। इस दौरान उसने अपनी कुछ अश्लील तस्वीरें और फेसबुक का पासवर्ड भी अखिलेश को शेयर किया हुआ था।
पीड़िता की बहन को फोन कर मांगे थे पैसे
27 अप्रैल को किसी ने उसकी अश्लील पिक्चर अपलोड कर दी। यह वहीं पिक्चर थीं, जो उसने अखिलेश को दी थीं। इस बीच अखिलेश ने पीड़िता की बहन को फोन कर उससे 50 हजार रुपये मांग की थी। उसका कहना था कि उसने पीड़िता पर काफी खर्चा किया है अब उसे वह रुपये चाहिए। इस बीच जिस आईडी से फोटो डाले गए थे, उसके आईपी एड्रेस के पता लगाने के लिए फेसबुक को लिखा गया। जांच में पता चला कि अखिलेश ने ही वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान पीड़िता की एक दोस्त ने आरोपी को पकड़वाने में पुलिस की मदद की। उसने आरोपी से फेसबुक पर दोस्ती की।
दिल्ली के पीतमपुरा इलाके से दबोचा आरोपी
बाद में उसे मिलने के बहाने पीतमपुरा बुलाया। वहां पुलिस ने उसे दबोच लिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी की पत्नी गांव में सरपंच है। पहले वह दिल्ली में चालक की नौकरी करता था। इस दौरान वह पीड़िता के संपर्क में आया और उसके साथ सहमति संबंध में रहने लगे। आरोपी ने महिलाओं और लड़कियों के नाम से कई फेसबुक आईडी बनाई हुई हैं। उसके आधार पर आरोपी लड़कियों से दोस्ती कर उनके मोबाइल नंबर लेकर उनको कॉल अपने जाल में फंसा लेता था। फिलहाल, मध्य प्रदेश में पत्नी के साथ रह रहा था।