संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने रविवार को ईस्ट किदवई नगर स्थित जीपीआरए परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पाैधराेपण कार्यक्रम का नेतृत्व किया। अभियान के 28वें लगातार रविवार काे आयाेजित इस कार्यक्रम में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष चौधरी बलबीर सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों, स्थानीय निवासियों और एनडीएमसी अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी माताओं के नाम पर पौधे लगाए। कार्यक्रम के दौरान कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि यह पहल केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी को जनभागीदारी से जोड़ने का एक प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने और भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने की भी अपील की।