नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय(डीयू) के कला संकाय स्थित वन्दे मातरम् सभागार में रविवार को संस्कृत महोत्सव-2026 का समापन हुआ। समारोह में भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और युवा शक्ति का संगम देखने को मिला। दिल्ली संस्कृत अकादमी, दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग और संस्कृत भारती देहली प्रान्त के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में संस्कृत भारती के अखिल भारतीय संगठन मंत्री जयप्रकाश गौतम मुख्य वक्ता और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी अध्यक्ष रहे। जयप्रकाश गौतम ने कहा कि संस्कृत केवल अतीत की धरोहर नहीं, बल्कि भारत की जीवंत सांस्कृतिक चेतना और ज्ञान परंपरा की आधारशिला है। जबकि कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने कहा कि मम भाषा संस्कृतम् अभियान के जरिए दस करोड़ आम नागरिकों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।