संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। समयपुर बादली थाना पुलिस ने छह घंटे के भीतर लूट का खुलासा करते हुए चार नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल चाकू और लूटा गया मोबाइल बरामद किया है। बाहरी उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि समयपुर बादली थाने में रामलीला मैदान, सिरसपुर के पास चाकू से हमला कर फोन लूटने की घटना की पीसीआर कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहां पता चला कि घायल पीड़ित को पीसीआर की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम बुराड़ी अस्पताल पहुंची। अस्पताल में पीड़ित ने बताया कि वह समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन पहुंचने के बाद पैदल सिरसपुर की ओर जा रहा था। पहलवान बाग, सिरसपुर के पास पहुंचने पर चार अज्ञात लड़कों ने उसे घेर लिया और मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।