एसीपी कवि नगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मंगलवार रात सूचना मिली कि बाइक सवार दो लुटेरे क्षेत्र में घूम रहे हैं। उन्होंने टीम के साथ घेराबंदी करके चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया लेकिन वे नहीं रुके और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर जवाबी फायरिंग की तो एक लुटेरे के पैर में गोली लग गई जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर दूसरा लुटेरा फरार हो गया। घायल लुटेरे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी पहचान गोविंदपुरम के बालाजी एंक्लेव निवासी पीयूष उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। इसके पास से एक तमंचा, छात्रा से लूटा हुआ मोबाइल और चोरी की एक बाइक बरामद की है।
लूट और पुलिस मुठभेड़ के 10 मुकदमे हैं दर्ज
एसीपी ने बताया कि पीयूष के खिलाफ लूट के पांच, पुलिस मुठभेड़ के दो, आर्म्स एक्ट के दो और चोरी का एक मुकदमा दर्ज है। चोरी का मुकदमा पियूष पर दिल्ली में दर्ज हुआ था। पूछताछ में पता चला कि उसके पास से बरामद बाइक उसने दिल्ली से ही चोरी की थी। जिसे ट्रेस कर लिया गया है।
2016 में दर्ज मिला पहला मुकदमा
एसीपी कवि नगर ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे का आपराधिक इतिहास खंगालने पर उसके खिलाफ 2016 में पहला मुकदमा दर्ज मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे में महंगे शौक पूरे करने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर लूटपाट करता है और लुटे हुए सामान को बेचकर अपने शौक पूरे करता है। 20 अक्तूबर को ही वह डासना जेल से बाहर आया था।