- 76 स्कूलों में 16 हजार से अधिक छात्रों को किया जागरूक, सुरक्षित यातायात पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के स्कूलों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान शुरू किया है। नए शैक्षणिक सत्र के साथ शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य छात्रों को यातायात नियमों और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक बनाना है। अब तक 76 स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 16,131 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया। अभियान के दौरान ट्रैफिक संकेतों की पहचान, लेन अनुशासन और सुरक्षित सड़क व्यवहार की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ‘गोल्डन ऑवर’ के महत्व पर जोर देते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में सही मदद मिलने से कई जानें बचाई जा सकती हैं। छात्रों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। केंद्रीय विद्यालय, सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल समेत कई स्कूलों में यह कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, छात्रों को ‘रोड सेफ्टी एंबेसेडर’ बनाकर सड़क हादसों में कमी लाने और सुरक्षित दिल्ली बनाने की दिशा में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।