-मदर डेयरी ने दो से चार रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए दाम
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी दिल्ली। महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक बार फिर झटका लगा है। मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। दूध के दाम बढ़ने से आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने लगा है। खासकर मध्यम और गरीब परिवारों का महीने का बजट बिगड़ गया है। लोगों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों में दूध सबसे जरूरी चीज है। ऐसे में इसकी कीमत बढ़ने से घर का खर्च संभालना मुश्किल हो रहा है। दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सुबह से ही लोगों की रसोई पर दिखाई देने लगा है। जिन परिवारों में रोजाना दो से तीन लीटर दूध की खपत होती है, उन्हें अब महीने में पहले के मुकाबले अधिक पैसे खर्च करने पड़ेंगे। सीलमपुर के स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने बताया कि महंगाई पहले से ही काफी बढ़ी हुई है। सब्जी, तेल और दाल के दामों ने घर का बजट बिगाड़ रखा है। अब दूध भी महंगा हो गया है। सरकार और कंपनियों को आम लोगों की परेशानी समझनी चाहिए। दिलशाद गार्डन की निवासी सुनीता देवी ने बताया कि घर में बच्चों के लिए रोज दूध लेना जरूरी है। पहले ही महीने का खर्च बड़ी मुश्किल से चलता है। अब दूध के दाम बढ़ने से हर महीने अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ेंगे।