अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पर बढ़ती गंदगी अब केवल स्वच्छता का नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य का भी गंभीर मुद्दा बन रहा है। धरना स्थल और उसके आसपास बड़ी संख्या में फेंके गए डिस्पोजेबल प्लेट, गिलास, प्लास्टिक की कटोरियां और अन्य खाद्य पैकेजिंग सामग्री में बारिश का पानी जमा होने लगा है। इससे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। आरएमएल अस्पताल के डॉ. रमेश मीणा के अनुसार, बरसात के मौसम में थोड़ी-सी लापरवाही भी मच्छरजनित रोगों के प्रसार की वजह बन सकती है। प्रदर्शन स्थल पर लगातार लोगों की आवाजाही होने से संक्रमण का जोखिम और बढ़ जाता है।