- सीआईएसएफ ने ‘फीमेल रेस्ट रूम’ की सुविधा शुरू की, लंबी ड्यूटी के बीच मिलेगा आराम और बेहतर कार्य वातावरण
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर तैनात महिला सुरक्षाकर्मियों के लिए एक बड़ी राहत भरी पहल की गई है। सिक्योरिटी होल्ड एरिया (एसएचए) में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) की महिला जवानों के लिए विशेष ‘फीमेल रेस्ट रूम’ की सुविधा शुरू की है। इस रेस्ट रूम का उद्घाटन एयरपोर्ट सेक्टर की एडीजी बिनिता ठाकुर ने किया। इस अवसर पर आईजी सेंथिल अवूदई कृष्णा राज एस और डीआईजी बाबू राम समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों के अनुसार एयरपोर्ट जैसे अत्यधिक व्यस्त और संवेदनशील स्थान पर महिला जवानों को लंबे समय तक खड़े होकर ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे शारीरिक और मानसिक थकान बढ़ती है। ऐसे में इस रेस्ट रूम के माध्यम से उन्हें आराम करने और कुछ समय के लिए मानसिक राहत पाने का अवसर मिलेगा।