संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। वार्ड-6 की पर्वतीय कॉलोनी की गली नंबर-7 में सीवर ओवरफ्लो होने की समस्या कई महीनों से बनी हुई है। नाली का गंदा पानी बाहर निकलकर गली में जमा रहता है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। पर्वतीय कॉलोनी के लोगों ने बताया कि जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण कुछ समय बाद दोबारा यही समस्या पैदा हो जाती है। गलियों में गंदा पानी जमा होने से बच्चों के खेलने की जगह भी प्रभावित हो रही है। गंदगी और बदबू के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। लंबे समय से समस्या बनी रहने के कारण आसपास रहने वाले लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद सफाई होने से कुछ समय के लिए राहत मिलती है, लेकिन पानी की निकासी की मूल समस्या दूर नहीं होने से स्थिति दोबारा खराब हो जाती है। पर्वतीय कॉलोनी निवासी संजू ने बताया कि सीवर ओवरफ्लो होने के बाद गंदा पानी गली में फैला रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई है। वहीं, निवासी रामकिशन ने बताया कि कई बार कॉलोनी के लोग मिलकर सफाई करवाते हैं, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। नगर निगम अभियंता सतपाल ने बताया कि टीम को मौके पर भेजकर नाली की सफाई और जल निकासी का काम जल्द से जल्द कराया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।