अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली सरकार ने झुग्गी बस्तियों में रहने वालों को बड़ी राहत देते हुए 327 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जनसेवा सदन में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली की विभिन्न झुग्गी बस्तियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में योजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें से 144 करोड़ रुपये के कार्यों को अवार्ड भी कर दिए गए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने झुग्गी प्रतिनिधियों के साथ लंच किया। सीएम ने कहा कि झुग्गीवासी किसी भी तरह से वोट बैंक नहीं हैं। लेकिन वह दिल्ली के विकास के साझीदार हैं। पिछली सरकारों ने झुग्गीवासियों को केवल राजनीतिक लाभ के नजरिए से देखा, जबकि वर्तमान सरकार उन्हें सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार ने झुग्गी बस्तियों के विकास के लिए 700 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद और डूसिब के सीईओ रूपेश ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।