संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। इंडिया हैबिटेट सेंटर (आईएचसी) के कन्वेंशन सेंटर फोयर में मंगलवार से कुलदीप कुमार की एकल कला प्रदर्शनी ‘शून्य से बाहर’ शुरू हुई। 14 नवंबर तक चलने वाली प्रदर्शनी में पेंटिंग्स के माध्यम से रंगों, आकृतियों और जीवन के विविध आयामों को दर्शाया गया है। प्रदर्शनी कलाकार की रचनात्मक सोच और कलात्मक अभिव्यक्ति को करीब से समझने का अवसर देती है। प्रदर्शनी में शून्य से जीवन के उभरने और नई सृष्टि के आकार लेने की कल्पना को प्रस्तुत किया गया है। कलाकार ने दिखाने का प्रयास किया है कि किस तरह खालीपन से विचार, भावनाएं और जीवन के विभिन्न रूप आकार लेते हैं। पेंटिंग दर्शकों को रंगों और कल्पनाओं की अलग दुनिया से रूबरू करा रही है।