संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली के डाबड़ी में एटीएम से छेड़छाड़ कर नकदी निकालने में द्वारका जिला पुलिस ने जमील खान (26) और विनय (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से लोहे की पांच पट्टियां, तीन डेबिट कार्ड, दो मोबाइल और नंबर प्लेट से छेड़छाड़ की गई कार बरामद हुई है। पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 21 अक्तूबर को एक्सिस बैंक के मुंबई स्थित कंट्रोल रूम से महावीर एन्क्लेव के एटीएम में छेड़छाड़ की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी की मदद से दोनों को शुक्रवार को द्वारका के सेक्टर-26 में पकड़ा गया। पूछताछ में उन्होंने सागरपुर और रोहिणी के चार से पांच अन्य एटीएम में भी इसी तरीके से वारदात करने की बात बताई। मामले की जांच जारी है।