नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी ग्वालियर और ईएमयू अलीगढ़ तक चलेगी, 5 से 14 नवंबर तक मिलेगी सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने दो जोड़ी ट्रेनों का अस्थायी विस्तार किया गया है। इसके तहत नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस को ग्वालियर और नई दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू को अलीगढ़ तक चलाया जाएगा। इससे त्योहार के दौरान इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 14212 नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस को 5 से 14 नवंबर तक ग्वालियर तक बढ़ाया जाएगा। इस अवधि में ट्रेन के 10 फेरे होंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 14211 आगरा कैंट-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस 6 से 15 नवंबर तक ग्वालियर से चलेगी। यह सेवा भी 10 फेरों के लिए उपलब्ध रहेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 64426 नई दिल्ली-गाजियाबाद ईएमयू को 5 से 14 नवंबर तक अलीगढ़ तक चलाया जाएगा। इस दौरान इसके 10 फेरे होंगे। वापसी में ट्रेन संख्या 64429 गाजियाबाद-नई दिल्ली ईएमयू भी 5 से 14 नवंबर तक अलीगढ़ से अपनी यात्रा शुरू करेगी। यह सेवा भी 10 फेरों के लिए संचालित होगी। रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले ट्रेनों के समय और ठहराव की नवीनतम जानकारी प्राप्त कर लें।