बीते कई साल में प्रदूषण के स्तर में 34.6 फीसदी की कमी
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दावा करते हुए कहा कि बीते सालों में दिल्लीवासियों और संबंधित विभागों के प्रयासों से प्रदूषण के स्तर में करीब 34.6 प्रतिशत की कमी आई है। प्रदूषण के खिलाफ इस जंग में इस बार फिर से दिल्ली तैयार है। राय ने बताया कि दिल्ली सरकार ने प्रदूषण के विरुद्ध ग्रीन वार रूम शुरू किया है। धूल प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए एंटी डस्ट कैंपेन चला रखा है और पराली गलाने के लिए पांच हजार एकड़ में बाॅयो डी-कंपोजर का छिड़काव करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में वाहन प्रदूषण को कम करने के लिए सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसें चला रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ आनंद विहार में उत्तर प्रदेश से आने वाली हजारों डीजल की बसें प्रदूषण फैला रही हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से अनुरोध किया कि वह प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए।
दिल्ली गैस चैंबर में तब्दील : सचदेवा
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रदूषण पर दिल्ली सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली वायु प्रदूषण से त्रस्त है। लगातार प्रदूषण बढ़ रहा है और दिल्ली एक बार फिर से गैस चैंबर में तब्दिल हो चुकी है। मुख्यमंत्री आतिशी पिछले एक महीने से बयानबाजी तो बहुत कर रही है पर प्रदूषण के प्रमुख कारणों का अंत नहीं कर पा रही है।सचदेवा ने कहा कि यमुना जो हरियाणा के पल्ला से चलते वक्त बिल्कुल साफ होती है और उसका ऑक्सीजन की मात्रा 9 होता है और फिकॉल कोलिफॉम 1200 होता है। जबकि दिल्ली सरकार वहां से प्रतिदिन 200 एमजीडी पानी खुद लेती है लेकिन जैसे ही यमुना कलिंदी कुंज तक आती है, ऑक्सीजन की मात्रा शून्य हो जाता है और साथ ही फिकॉल कोलिफॉम 9 लाख से ऊपर हो जाता है।
केजरीवाल कालिंदी कुंज घाट पर डुबकी लगा वादा निभाएं : यादव
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सोमवार को कालिंदी कुंज घाट का दौरा किया। यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री आतिशी को दूषित यमुना की सफाई के लिए संवेदनशीलता से सोचना चाहिए। साथ ही, लोगों की आस्था और स्वास्थ्य से जुड़े इस संकट का कोई न कोई हल निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर वह केजरीवाल को यमुना में डुबकी लगाने के लिए आमंत्रित करते हैं।