पूर्वी दिल्ली। आईपी एक्सटेंशन स्थित मयूर पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह शनिवार को संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारत: प्रगति के पहिये पर गौरवशाली अतीत से विकसित भविष्य की ओर थीम पर आधारित नृत्य नाटिका रही। मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने शिरकत की जबकि पटपड़गंज क्षेत्र के विधायक रविंद्र सिंह नेगी विशिष्ट अतिथि रहे। विद्यालय के अध्यक्ष एमएस रावत ने भी उपस्थिति दर्ज कराई। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि हर्ष मल्होत्रा ने विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है, जो इस विद्यालय की शिक्षा पद्धति में साफ झलकता है। प्रधानाचार्या स्वाति वर्मा ने कहा कि यह उत्सव बच्चों की बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण है। अंत में सभी का आभार व्यक्त किया गया। ब्यूरो