संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
शादी समारोहों के दौरान पीरागढ़ी चौक और रोहतक रोड पर जाम न लगे, इसके लिए यातायात पुलिस ने तैयारियां शुरू की हैं। कल से शुरू हो रहे शादी के सीजन को देखते हुए पुलिस ने पीरागढ़ी चौक के आसपास स्थित 10 बैंक्वेट हॉल की पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। इनके संचालकों को बेसमेंट पार्किंग का पूरा इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क और बैंक्वेट हॉल की पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके बाद सभी बैंक्वेट हॉल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। उन्हें निर्देश दिया गया कि शादी समारोह में आने वाले मेहमानों की गाड़ियां बेसमेंट में खड़ी कराई जाएं। सड़क पर किसी भी गाड़ी को खड़ा न होने दिया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो। पुलिसकर्मी पूरे शादी के सीजन में पार्किंग व्यवस्था पर नजर रखेंगे। निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।