प्रीत विहार इलाके में फाइनेंसर व रियल स्टेट कारोबारी के घर से 75 लाख रुपये चोरी करने के मामले में लापरवाही बरतने पर प्रीत विहार थाना प्रभारी मुकेश कुमार को लाइन हाजिर कर दिया गया है। जिला पुलिस उपायुक्त अपूर्वा गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। उनका कहना है कि छानबीन के बाद लापरवाही की बात सामने आने पर कार्रवाई की गई है।
स्वास्थ्य विहार, प्रीत विहार निवासी हर्षा शर्मा ने 75 लाख रुपये चोरी की शिकायत पुलिस से की थी। पीड़िता का कहना था कि उनके पति निखिल बंसल का रियल स्टेट और फाइनेंसर का कारोबार है। 25 अप्रैल की रात को पति के दफ्तर में काम करने वाले प्रमोद और गौरव नामक युवकों ने घर में एक बैग रखा था। अगले दिन वह बैग गायब मिला। पति ने बताया कि बैग में 75 लाख रुपये मौजूद थे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि रसोई के रास्ते एक युवक ने घर में घुसकर रुपयों का बैग चोरी किया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने थाना प्रभारी पर केस को सुलझाने का दबाव बनाया।
लेकिन बार-बार कहने के बाद भी थाना प्रभारी ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कई बार कहने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों को पता चला कि थाना प्रभारी ने चुपचाप आरोपी को हिरासत में लेकर करीब 58 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं, लेकिन इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को नहीं दी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया।